दिल्ली से काबू किया गया आरोपी राकेश। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। शहर के रेलवे रोड मंदिर के पास नशे की दवाइयों के साथ काबू किए गए युवक के मामले में नार्कोटिक्स ब्यूरो हिसार की जांच दिल्ली तक पहुंच गई है। शनिवार को टीम ने नशे की दवाइयां सप्लाई करने वाले आरोपी उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी निवासी राकेश को मलका चौक सब्जी मंडी दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को टीम आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। वहीं शहर थाना पुलिस ने नशे की दवाइयों के साथ पकड़े गए आरोपी लोको कॉलोनी निवासी विकास का दो दिन का रिमांड पूरा होने पर उसे शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
हरियाणा नार्कोटिक्स ब्यूरो हिसार के सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया था कि 17 अगस्त देर शाम को उन्हें सूचना मिली थी कि एक युवक दिल्ली से नशे की गोलियां लाकर जींद में सप्लाई करता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच-पड़ताल की। लोको कॉलोनी निवासी युवक विकास रात को दिल्ली से ट्रेन में नशीली गोलियां लेकर आया था। संदेह के आधार पर उसे रेलवे रोड स्थित मंदिर के पास रोककर उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से ट्रामाडोल के 1440 कैप्सूल, 360 एल्परोजोल की गोलियां, 22 शीशी नशे की दवाइयां, 25 एमपीटी किट, 500 अन्य नशीले इंजेक्शन बरामद हुए थे। पुलिस ने युवक के पास से एक बाइक भी बरामद की थी।
17 अगस्त को नशे की दवाइयों के साथ काबू किए गए युवक मामले में दूसरे आरोपी लखीमपुर खीरी निवासी राकेश को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी राकेश ही विकास को नशीली दवाइयां सप्लाई करता था। रविवार को पुलिस आरोपी राकेश को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान उससे गहनता से पूछताछ की जाएगी।
संजय, इंचार्ज नार्कोटिक्स ब्यूरो, हिसार।