04जेएनडी26-लघु सचिवालय के सभागार में बैठक में संबोधित करते मंत्री कृष्ण बेदी। संवाद
नरवाना। लघु सचिवालय के सभागार में सोमवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने नगर परिषद की चेयरपर्सन, अधिकारियों और पार्षदों के साथ बैठक की।
मत्री ने कहा कि विकास कार्यों के टेंडर लोक निर्माण विभाग की तरफ से जारी टेंडरिंग गाइडलाइन के तहत ही निर्धारित विभागीय मापदंडों, नियमों एवं शर्तों को पूरा करने वाली फर्म को ही मिलेंगे, ताकि नरवाना के विकास कार्य पूर्णतया गुणवत्ता पूर्वक पूरा करवाएं जा सकें। इसके अलावा ऐसे टेंडर जिन्हें अलॉट हुए छह महीने या इससे ज्यादा का वक्त हो चुका है और अभी तक कार्य शुरू नहीं हुए है उन सभी ठेकेदारों एवं फर्मों को नगर परिषद कार्य शुरू करने के लिए एक सप्ताह का समय दे। इसके लिए संबंधित फर्मों को बाकायदा लिखित नोटिस जारी कर अवगत कराया जाए कि वे एक सप्ताह में कार्य शुरू करें अन्यथा अलॉट टेंडर को निरस्त करने की प्रक्रिया पर विचार किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने यह भी कहा कि विकास कार्यों के टेंडर अलॉट करने के लिए विशेष कमेटी गठित की जाएगी। इस पांच सदस्य कमेटी में दो प्रशासनिक अधिकारी और तीन नगर पार्षद शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों का मुख्य उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित बनाना होना चाहिए। इसके लिए सभी जनप्रतिनिधि आपसी तालमेल और निष्पक्षता से अपने जिम्मेदारी निभाएं, ताकि शहर में विकास की प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रहे।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और सरकार का शहर की प्रगति में पूर्ण सहयोग रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि समय-समय पर सदन की बैठक जरूर बुलाएं और इसमें लंबित एवं अधूरे कार्य को पूरा करवाने के एजेंडे पर सकारात्मक विचार-विमर्श करें। बैठक में एसडीएम दलजीत सिंह, जिला नगरायुक्त गुलजार मलिक, डीएसपी अमित भाटिया, ईओ नगर परिषद ऋ षिकेश, चेयरपर्सन मुकेश मिर्धा, उपप्रधान शशिकांत शर्मा भी मौजूद रहे।
04जेएनडी26-लघु सचिवालय के सभागार में बैठक में संबोधित करते मंत्री कृष्ण बेदी। संवाद