शहर के श्याम नगर में बिजली के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। उसकी पहचान गौरवी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दो हिस्से में बंटने के कारण शव का जींद में पोस्टमार्टम नहीं हो सका। चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। गौरवी सातवीं कक्षा में पढ़ती थी।
मोहित नामक व्यक्ति पिछले करीब छह माह से श्याम नगर में एक मकान में किराये पर रह रहे हैं। बुधवार देर शाम मोहित की पत्नी काजल की धर्म बहन दिव्या अपनी बेटी और बेटे के साथ मिलने के लिए आई थी। इसी दौरान 13 वर्षीय गौरवी खेलते हुए मकान की छत पर जाकर खेलने लगी। छत से थोड़ी ही ऊंचाई पर बिजली के हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं। बिजली के तारों ने किशोरी को अपनी चपेट में ले लिया। बिजली के कारण किशोरी के दो टुकड़े हो गए और उसकी मौत हो गई। बाद में पीछे से बिजली बंद करवाई गई और किशोरी को तारों से छुड़वाया गया। मौके पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंची। जींद विधायक के प्रतिनिधि डॉ. राजन चिल्लाना भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। रात को ही कॉलोनी के लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने इसके लिए बिजली निगम को जिम्मेदार ठहराया। लोगों ने बिजली के हाईटेंशन तारों को मकानों से दूर करने की मांग की।
वीरवार सुबह जाना था अपने घर
गौरवी अपनी माता दिव्या के साथ जींद के कैथल रोड पर रहती थी। जिस मकान में हादसा हुआ, उसमें रहने वाली काजल दिव्या की धर्म बहन है। दिव्या अपनी बेटी गौरवी और बेटे के साथ मंगलवार को काजल से मिलने के लिए आई थी और बुधवार शाम तक वहीं रुकी।
गुस्साए लोगों ने पावर हाउस को जड़ा ताला
किशोरी की मौत के बाद श्याम नगर के लोग वीरवार सुबह एकत्रित हो गए और पटियाला चौक स्थित बिजली घर के कार्यालय पर पहुंच गए। बिजली निगम की अनदेखी का आरोप लगाते हुए उन्होंने पावर हाउस का गेट बंद कर दिया और उसे ताला जड़ दिया। बाद में बिजली निगम के एसडीओ विजय रजोतिया मौके पर आए और उन्होंने लोगों को 15 दिन के अंदर इस लाइन को बदलने का आश्वासन दिया। लोगों ने कहा कि यदि 15 दिन में बिजली निगम ने इस लाइन को नहीं बदला तो 16 दिन वह फिर यहां पर धरना देने पर मजबूर होंगे। एसडीओ के आश्वासन पर लोगों ने ताला खोल दिया।
-
इससे पहले भी हो चुके हैं हादसे
कॉलोनी में इससे पहले भी बिजली का करंट लगने के कारण कई हादसे हो चुके हैं। इनमें दो लोगों की जान जा चुकी है, जबकि एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि अभी हाल ही में एक बिजली मिस्त्री को भी हाईटेंशन तारों का करंट लगा था। उसका इलाज खानपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इससे पहले एक बुजुर्ग व्यक्ति को भी हाईटेंशन तारों ने चपेट में ले लिया था। इससे पहले कई बच्चों के साथ हादसे हो चुके हैं।
तार हटाने के लिए लगाए गए हैं टेंडर
हाईटेंशन तार हटाने के लिए बिजली निगम ने टेंडर लगाए हुए हैं। वहीं, इन तारों के नीचे मकान बनाने वाले लोगों को दो-तीन बार नोटिस दिए जा चुके हैं।
-विकास मलिक, एक्सईएन, बिजली निगम जींद
हादसे के बाद किशोरी बुरी तरह झुलसी हुई थी। इसके चलते चिकित्सकों शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है। अब पीजीआई रोहतक की पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
-समरजीत, प्रभारी, पुलिस चौकी, पटियाला चौक।
28जेएनडी10-श्याम नगर में मकान के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन तार। संवाद