जींद। निपुण हरियाणा मिशन के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए जिले में प्राथमिक शिक्षकों का छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। इसमें शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षा, आधुनिक शिक्षण तकनीकों और प्रभावी कक्षा प्रबंधन के तरीके सिखाए जा रहे हैं, ताकि बालवाटिका से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत किया जा सके।
जिला समन्वयक एफएलएन राजेश वशिष्ठ ने बताया कि प्रशिक्षण में जिले के चार खंडों के 299 प्राथमिक शिक्षक भाग ले रहे हैं। इनमें नरवाना खंड के 63, उचाना के 108, जुलाना के 47 और जींद खंड के 81 शिक्षक शामिल हैं। मास्टर ट्रेनरों की ओर से शिक्षकों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक गतिविधियों का अभ्यास करवाया जा रहा है। प्रशिक्षण में बालवाटिका की अवधारणा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शिक्षकों को बताया जा रहा है कि छोटे बच्चों को खेल, कहानी, कविता, बातचीत और चित्रों के माध्यम से पढ़ाना अधिक प्रभावी होता है। इसके अलावा कक्षाओं में प्रिंट रिच वातावरण तैयार करने और कम लागत वाली शिक्षण सहायक सामग्री (टीएलएम) के इस्तेमाल की जानकारी दी जा रही है।
शिक्षकों को 26 सप्ताह की कार्ययोजना के अनुसार पाठ योजना तैयार करने, नियमित अभ्यास, पुनरावृत्ति और मूल्यांकन के तरीके भी सिखाए जा रहे हैं। हिंदी में अक्षर पहचान, ध्वनि ज्ञान और वाचन, गणित में संख्या ज्ञान, जोड़-घटाव तथा अंग्रेजी में सुनने-बोलने और शब्द पहचानने की गतिविधियों का अभ्यास करवाया जा रहा है।
कैप्सूल स्कूलों के लिए बनेगी अलग कार्ययोजना
राजेश वशिष्ठ ने बताया कि प्रशिक्षण में कक्षा अनुसार निपुण लक्ष्यों की जानकारी देने के साथ कैप्सूल स्कूलों के लिए अलग कार्ययोजना तैयार करने पर भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। जिला एवं खंड स्तर के अधिकारी प्रशिक्षण केंद्रों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। निपुण मिशन की सफलता तभी संभव है, जब बच्चे अपनी कक्षा के अनुरूप भाषा और गणित की बुनियादी दक्षताएं हासिल करे।