सीबीएसई द्वारा बुधवार को 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। जिले के 56 स्कलों के साढ़े तीन हजार विद्यार्थियों ने 10वीं कक्षा की परीक्षा दी थी। परीक्षा परिणाम आने पर स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित कर मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इंडस पब्लिक स्कूल की छात्रा तान्या गर्ग ने 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। वहीं इंडस के विद्यार्थी आर्यन और महाराजा अग्रसेन स्कूल की छात्रा वंदना ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
इंडस पब्लिक स्कूल के 356 विद्यार्थियों ने दसवीं की परीक्षा दी थी। स्कूल का परिणाम शत प्रतिशत रहा। स्कूल के 47 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक तो 109 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। 254 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। स्कूल का दावा है कि तान्या गर्ग ने 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करके जिले में पहला स्थान हासिल किया है तो आर्यन ने 99 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया है। श्रुति ने 98 प्रतिशत अंक के साथ स्कूल में तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय में सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों ने खुशी मनाते हुए मिठाइयां बांटी एवं एक-दूसरे को बधाई दी।
इंडस संस्थाओं के निदेशक सुभाष श्योराण ने शानदार परीक्षा परिणाम पर विद्यार्थियों, अभिभावकों व अध्यापकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले 12वीं के परीक्षा परिणाम में मेडिकल व नॉन मेडिकल संकाय में भी इंडस स्कूल के विद्यार्थियों ने जिले में टॉप किया था। प्राचार्य अरुणा शर्मा ने बधाई दी। उप प्राचार्य प्रवीन कुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जो विद्यार्थी शत प्रतिशत परिश्रम करने की आदत डाल लेते हैं, सफलता उनके कदम चूमती है
99 प्रतिशत अंक हासिल कर वंदना ने किया नाम रोशन
महाराजा अग्रसेन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य रीटा अरोड़ा के अनुसार स्कूल की छात्रा वंदना ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल व अभिभावकों का नाम रोशन किया है। विद्यालय के कुल 69 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें 30 विद्यार्थियों ने मेरिट प्राप्त की और 65 बच्चों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की। गणित विषय में 26 बच्चों ने मेरिट प्राप्त की। विद्यालय की प्रबंधक समिति तथा प्राचार्य रीटा अंरोड़ा ने विद्यार्थियों व अभिभावकों को बधाई दी।
अर्बन इस्टेट स्थित डीएवी शताब्दी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों का प्रदर्शन शानदार रहा। संस्थाओं के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने बताया कि स्कूल की छात्रा अंशिका ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया तो राशि गर्ग ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा व अंजलि ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया है। स्कूल के 29 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। वहीं 90 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया। डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने कहा कि 377 विद्यार्थियों में से 350 विद्यार्थियों ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करके प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की है। डॉ. विद्यार्थी ने सभी छात्रों और अभिभावकों को स्कूल की ओर से बधाई दी।
वंदना को सम्मानित करते स्कूल स्टाफ।- फोटो : Jind
सीबीएसई द्वारा घोषित दसवीं के परिणाम में 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली तान्या अपने परिजनों औ?- फोटो : Jind