जुलाना। लिजवाना खुर्द निवासी सुरेश की हत्या रुपये के लेन-देन को लेकर की गई थी। उसकी हत्या अंगोच्छे से गला घोंटकर की थी। यह खुलासा पुलिस पूछताछ में फतेहगढ़ गांव के बिट्टू ने किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की उसने हत्या की वारदात कबूल ली।
मृतक सुरेश ने बिट्टू के पिता को करीब डेढ़ वर्ष पहले 15 हजार रुपये दिए थे। सुरेश ने यह रुपये कई बार बिट्टू के पिता से मांगे, लेकिन उसके पैसे नहीं लौटाए। सुरेश ने बिट्टू को भी रुपये देने के लिए कहा। बिट्टू रुपये मांगने की बात पर सुरेश से खफा हो गया और उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर पहले सुरेश की पिटाई की। फिर अंगोच्छे से गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने बिट्टू को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने बिट्टू को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब पुलिस बिट्टू के दोस्त की तलाश कर रही है।
16 जुलाई को बुढ़ा खेड़ा गांव के पास करसोला रोड़ पर एक व्यक्ति का शव पुलिस को मिला था। सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची थी और शव की पहचान में जुट गई थी। शव पर घसीटने के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भिजवाया था। मृतक सुरेश (45) लिजवाना खुर्द गांव का निवासी था। मृतक के बेटे नितिन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पहले शराब पिलाई, फिर गला घोंटकर कर दी हत्या
पुलिस पूछताछ में बिट्टू रुपये के लेनदेन को लेकर गला घोंटकर हत्या करने की बात कबूली है। बिट्टू बार-बार रुपये मांगने से सुरेश से खफा हो गया था। घटना की रात बिट्टू और उसके दोस्त ने सुरेश के साथ शराब पी। इसके बाद सुरेश की हत्या कर दी। जांच अधिकारी रविंद्र ने बताया कि सुरेश ने बिट्टू के पिता को करीब डेढ़ वर्ष पहले 15 हजार रुपये दिए थे। सुरेश ने यह रुपये कई बार बिट्टू के पिता से मांगे, लेकिन उसके पैसे नहीं लौटाए। बिट्टू रुपये मांगने की बात पर सुरेश से खफा हो गया। इसी बात को लेकर उसने सुरेश की हत्या कर दी।