05जेएनडी10 : बीबीपुर गांव के पूर्व सरपंच सुनील जागलान।
जींद। देश विदेश में अपने अलग अंदाज में सरपंच के पद की नई परिभाषा गढ़कर पहचान बनाने वाले दो बार राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता बीबीपुर के पूर्व सरपंच सुनील जागलान को भारतीय गुणवत्ता परिषद के चेयरमैन अक्षय शाह ने देश भर के सरपंचों को ग्रामीण विकास का मूलमंत्र देने के लिए नियुक्त किया है।
सुनील जागलान को देश भर के सभी राज्यों में होने वाले सरपंच संवाद के लिए मुख्य वक्ता के तौर पर चुना गया है। इसमें कुल 50 कार्यक्रम होंगे। वह अकेले सरपंच हैं, जो इस विषय पर देश भर के सरपंचों को ग्रामीण विकास का मूलमंत्र देंगे। भारतीय गुणवत्ता परिषद क्वालिटी विलेज तैयार करने के लिए सुनील जागलान के बीबीपुर मॉडल को एडॉप्ट कर रही हैं। सुनील जागलान के ग्रामीण विकास व महिला सशक्तिकरण के मॉडल के मुरीद भारत के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति के अलावा विदेशी मीडिया भी रही है। सुनील जागलान ने देश की पहली हाईटेक ग्राम पंचायत के अलावा ग्राम सचिवालय से लेकर ई-ग्राम सभा का मॉडल भारत सरकार को दिया जिसे अनेक राज्य सरकारों ने लागू किया। कोरोना काल में जब ग्राम पंचायतों के कार्य रुक गए थे तो सुनील जागलान ने आम ग्रामसभा का आईडिया ईजाद कर राज्य सरकार को दिया, जिसके बाद पूरे देश में यह मॉडल लागू किया। इसके अलावा इन्होंने देश को बेटी बचाओ अभियान, सेल्फी विद डॉटर अभियान, बेटियों के नाम नेमप्लेट का अभियान और अभी हाल ही में लाडो पंचायत आयोजित करवाई थी।