26जेएनडी05: जानकारी देते हुए कृष्ण धीमान।
जींद। हरियाणा शुगर मिल कर्मचारी महासंघ लंबित मांगों को लेकर 28 नवंबर को करनाल में सीएम आवास के बाहर धरना देकर आमरण अनशन करेंगे। इसकी जानकारी देते हुए महासंघ के प्रदेश महासचिव कृष्ण धीमान ने बताया कि उन्होंने अपनी लंबित मांगों को लेकर 17 नवंबर को अपर मुख्य सचिव सहकारिता विभाग, हनुमान गोदारा कार्यकारी अध्यक्ष व सहकारिता क्षेत्र प्रभारी भारतीय मजदूर संघ हरियाणा व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र राणा की अध्यक्षता में बैठक की थी।
बैठक में उन्होंने अपनी मुख्य मांगों जिसमें सरकार की नई एक्सग्रेसिया नीति के तहत मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को लाभ देने, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की मृत्यु पर उनके आश्रितों को नौकरी देने, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के वेतन की असमानता को समाप्त करने, नियमितीकरण की पुरानी पॉलिसी के तहत शर्तें पूरी करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने, सातवें वेतन आयोग का एरियर एक जनवरी 2016 से देना, वैतनिक अवकाश 180 से 300 दिन का करना को लेकर बातचीत की थी। इन मांगों को 25 नवंबर तक पूरा करने का समय दिया था। इसके बावजूद भी उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया। जिसके विरोध में अब प्रदेश स्तर पर सभी शुगर मिलों के कर्मचारी 28 नवंबर को करनाल में सीएम आवास पर धरना देकर आमरण अनशन करेंगे। इसके कारण हरियाणा के सभी शुगर मिलों की कार्यकुशलता प्रभावित होगी और यह मिल बंद भी हो सकती हैं। इसकी जिम्मेदारी सहकारिता विभाग व हरियाणा सरकार की होगी।