सामान्य अस्पताल में प्रदीप के शव के पोस्टमार्टम के लिए कागजी कार्रवाई करते पुलिसकर्मी
- फोटो : bureau
नरवाना उपमंडल के मोहल्लखेड़ा गांव रेलवे क्रॉसिंग के पास वीरवार सुबह डूमरखां खुर्द के एक युवक 23 वर्षीय प्रदीप और उसके साथ आई एक युवती ने ट्रेन के नीच कटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। लेकिन यहां काम कर रहे रेलवे कर्मचारियों ने उन्हें बचा लिया। इसके बाद कुछ लोग यहां पहुंचे और युवक-युवती को अपने साथ ले गए। कुछ देर बाद ही युवक का शव नरवाना के पास बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत एक ट्रक की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, इस मामले को ऑनर किलिंग से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन फिलहाल पुलिस इससे इंकार कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर जींद से कुरुक्षेत्र को जाने वाली सवारी गाड़ी नरवाना के रेलवे स्टेशन से चलकर जब मोहल्लखेड़ा फाटक के निकट पहुंची तो एक युवक और युवती आत्महत्या करने के लिए ट्रैक पर लेट गए। यह सब देखकर रेलवे कर्मचारियों ने लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रुकवा दिया और पटरी पर लेटे युवक-युवती को ट्रैक से बाहर कर दिया। ट्रेन महज कुछ दूरी पर आकर रुकी। रेलवे फाटक पर काम कर रहे ओमप्रकाश, इंद्रजीत, सुनील कुमार, पवन, टेकाराम, बलराज, विक्की, लक्ष्मण और गेटमैन सुरेश कुमार ने बड़ी होशियारी दिखाई। गेटमैन सुरेश कुमार ने बताया कि जब उन्होंने फाटक बंद किया तो दोनों फाटक के निकट खड़ी अपनी कार से उतरकर मोहलखेड़ा गांव की तरफ पटरी पर लेट गए। कर्मचारियों ने जब उन्हें रोकना चाहा तो युवक-युवती ने उनकी बात को अनसुना कर दिया। रेेलवे कर्मचारियों ने बहादुरी दिखाते हुए दोनों को ट्रेन आने से पहले ही घसीटकर पटरी से बाहर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान यहां कुछ लोग आए और युवक-युवती के जानकार होने की बात कहकर उन्हें गाड़ी में ले गए।
पटियाला रोड पर मिला युवक का शव
इस घटना के कुछ ही समय बाद दिल्ली-पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर डूमरखां गांव के पास युवक का शव मिला। फिलहाल पुलिस युवक की मौत का कारण सड़क दुर्घटना मान रही है। सदर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस के अनुसार, डूमरखां खुर्द निवासी 23 वर्षीय प्रदीप गांव के पास सड़क पार कर रहा था, इसी दौरान वह अज्ञात ट्रक की चपेट में आ गया।
लड़की का नहीं सुराग
पुलिस के अनुसार, जो लड़की युवक के साथ रेलवे ट्रैक पर थी, वह पास के ही एक गांव की है और दोनों ने एक साथ आत्महत्या का प्रयास किया है। वहां से कुछ लोग युवक और युवती को ले गए हैं। इसके बाद युवती का पता नहीं है। पुलिस जांच कर रही है।