11जेएनडी01: स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ दिलवाते हुए नशा मुक्ति टीम इंचार्ज न
जींद। नशा मुक्ति टीम ने शनिवार को शहर के शारदा पब्लिक स्कूल में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम टीम इंचार्ज नरेश ढांडा की अध्यक्षता में किया गया। इसमें विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर फ्रॉड, यातायात नियमों और आपराधिक कानूनों की जानकारी दी गई।
नरेश कुमार ने विद्यार्थियों से कहा कि नशा शरीर, परिवार और समाज तीनों का सबसे बड़ा दुश्मन है। यह न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि युवाओं के भविष्य को भी अंधकारमय बना देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, खेल और अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नशा केवल शरीर ही नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए जहर है। आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। इसलिए उनका नशामुक्त और स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को नशे को ना जीवन को हां मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया और ऑनलाइन शपथ दिलाई गई।
बताया गया कि संदिग्ध गतिविधियों या नशा करने वालों की सूचना ऑनलाइन माध्यम से भी पुलिस को दी जा सकती है। टीम ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी, ओटीपी या पासवर्ड साझा न करें। इसके अलावा यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग पर जोर दिया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य जगदीश रेढू ने भी विद्यार्थियों को जागरूक किया।