नरवाना। एसपी कुलदीप सिंह ने मंगलवार को एसबीएम पब्लिक स्कूल काकडौद का दौरा कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों और सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, नए तीन कानूनों तथा प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि नशा आज समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए बड़ा खतरा बन चुका है।
नशा केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता बल्कि अपराध, हिंसा और सामाजिक विघटन को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जन जागरूकता और समाज की सामूहिक भागीदारी से ही इस बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और साथियों व परिवार को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जींद पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। वहीं नशा मुक्ति टीम द्वारा नशा पीड़ितों की काउंसिलिंग व उपचार का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने नशा तस्करी की सूचना देने के लिए ‘मानस पोर्टल’ और हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी भी दी। उप पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने साइबर सुरक्षा पर बोलते हुए कहा कि बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने छात्रों को अज्ञात लिंक, मैसेज और कॉल से दूर रहने तथा किसी को भी ओटीपी या यूपीआई पिन साझा न करने की सलाह दी। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत करने की अपील की गई।
थाना प्रभारी उचाना उप निरीक्षक दिलबाग सिंह ने नए तीन कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और साक्ष्य अधिनियम की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अधिकारों के प्रति जागरूक किया। नशा मुक्ति टीम प्रभारी उप निरीक्षक नरेश कुमार ने चाइनीज मांझा के प्रयोग को जानलेवा बताते हुए प्रतिबंध और कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी।