सीबीएसई के विद्यार्थी अपने डुप्लीकेट मार्कशीट, माइग्रेशन व सर्टिफिकेट जैस दस्तावेजों के लिए मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सीबीएसई ने ऑनलाइन सुविधा शुरू की है। ऑनलाइन आवेदन करने के कुछ दिन बाद दस्तावेज विद्यार्थी के घर भेजे जाएंगे। इससे पहले यह सुविधा नहीं थी। विद्यार्थियों को मुख्यालय के कई चक्कर लगाने के बाद भी दस्तावेज नहीं मिलते थे।
सीबीएसई की ओर से डुप्लीकेट दस्तावेज व्यवस्था शुरू की गई है। इस पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी अपनी डुप्लीकेट मार्कशीट, माइग्रेशन सर्टिफिकेट जैसे दस्तावेज मंगवा सकते हैं। इससे जिले में करीब 30 हजार से अधिक विद्यार्थियों व पूर्व विद्यार्थियों को लाभ होगा। जिले में सीबीएसई से संबंधित 60 स्कूल हैं और फिलहाल करीब छह हजार विद्यार्थी दसवीं व 12वीं में पंजीकृत हैं।
यह रहेगी दस्तावेज मंगवाने की फीस
डुप्लीकेट दस्तावेज मंगवाने के लिए विद्यार्थियों को पासिंग ईयर से पांच साल तक 250 रुपये, पासिंग ईयर से पांच से दस साल तक 500 रुपये, पासिंग ईयर से 10 से 20 साल तक एक हजार रुपये, पासिंग ईयर से 20 साल से अधिक दो हजार रुपये, माइग्रेशन सर्टिफिकेट व इसकी डुप्लीकेट कॉपी 250 रुपये, डेट ऑफ बर्थ सर्टिफिकेट 250 रुपये व प्रोविजनल सर्टिफिकेट के लिए 200 रुपये अदा करने होंगे।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सीबीएसई ने पोर्टल शुरू किया है। इससे ऑनलाइन ही विद्यार्थियों के दस्तावेज घर पहुंचेंगे। दस्तावेज गुम होने या खराब होने पर विद्यार्थी मुख्यालय जाते थे। ऑनलाइन सुविधा शुरू होने पर विद्यार्थियों को मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। यह मुख्यालय का अच्छा फैसला है। इससे विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी।
-रीटा अरोड़ा, प्राचार्य, महाराजा अग्रसैन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल।