06जेएनडी29: स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बनाई गई पेंटिंग दिखाते विद्यार्थी। स्रोत : विभा
जींद। गांव झांझ कलां स्थित राजकीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला सलाहकार रणधीर मताना ने कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जल बचाने और स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम से पहले विभाग की संयुक्त टीम ने खंड समन्वयक दिनेश कुमार के साथ गांव के जलघर का निरीक्षण किया और पेयजल के सैंपल जांचे। इसके बाद टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को पेयजल की स्थिति की जानकारी दी और उन्हें ऑनलाइन बिल भरने के लिए जागरूक किया।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन के रणधीर मताना ने कहा कि विद्यार्थियों को पानी की एक-एक बूंद बचाने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि नलों पर टोंटी लगाकर पानी की बर्बादी रोकी जा सकती है। जरूरत के अनुसार ही पानी का उपयोग करें और नल खुला न छोड़ें।
उन्होंने बताया कि बाल्टी या टब में पानी एकत्रित कर अन्य कार्यों में उपयोग किया जा सकता है जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी, पेड़ों की कटाई और अनियमित वर्षा के कारण जल संकट गहराता जा रहा है इसलिए सभी को जागरूक होना जरूरी है।
खंड समन्वयक दिनेश कुमार ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भोजन से पहले साबुन से हाथ धोना, प्रतिदिन स्नान करना और साफ-सुथरे कपड़े पहनना अच्छी आदतों में शामिल है। स्कूल प्राचार्य विनिता गुप्ता ने बताया कि इस दौरान पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।