फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: जिले में ही अब होगा कैंसर मरीजों का उपचार

Thu, 12 Feb 2026 12:43 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जींद
विज्ञापन
11जेएनडी03: नागरिक अस्पताल में शुरू हुए डे केयर सेंटर में काम करते हुए नर्सिंग स्टॉफ व चिकित्सक
विज्ञापन
जींद। जिले के कैंसर मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। नागरिक अस्पताल के पुराने भवन के प्रथम तल पर कैंसर मरीजों के उपचार के लिए डे-केयर सेंटर बुधवार को शुरू कर दिया गया है। इस सेंटर में छह बेड की व्यवस्था की गई है। इससे अब मरीजों को सामान्य उपचार और कीमोथेरेपी कराने के लिए रोहतक या चंडीगढ़ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में करीब 3100 कैंसर पीड़ित पंजीकृत हैं जिन्हें इस सुविधा का लाभ मिलेगा। अब तक जिले के मरीजों को कीमोथेरेपी, दवा प्रबंधन और नियमित जांच के लिए दूरदराज के मेडिकल कॉलेजों में जाना पड़ता था। इससे आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ-साथ मरीजों और परिजनों को मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ती थी।
डे-केयर सेंटर शुरू होने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार उपलब्ध होगा। कैंसर डे-केयर सेंटर में प्रशिक्षित चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ की निगरानी में कीमोथेरेपी की जाएगी। इसके अलावा मरीजों की नियमित जांच, ब्लड प्रेशर और शुगर मॉनिटरिंग, आवश्यक लैब टेस्ट की सुविधा, इमरजेंसी दवाएं और ऑक्सीजन सपोर्ट भी उपलब्ध रहेगा। मरीजों को उपचार के दौरान आरामदायक बेड, स्वच्छ वातावरण और परामर्श सेवाएं भी दी जाएंगी।
विज्ञापन

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार सेंटर में दवा वितरण, उपचार के बाद निगरानी और जरूरत पड़ने पर उच्च केंद्र के रेफर करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इससे गंभीर स्थिति बनने से पहले ही मरीज को बेहतर उपचार मिल सकेगा।
बाक्स
किन मरीजों को मिलेगी डे-केयर सुविधा
डे-केयर सेंटर में मुख्य रूप से उन मरीजों को सुविधा मिलेगी जिनकी हालत स्थिर है और जिन्हें नियमित अंतराल पर कीमोथेरेपी या इंजेक्शन आधारित उपचार की आवश्यकता होती है। शुरुआती या मध्यम अवस्था के कैंसर मरीज, ऑपरेशन या रेडियोथेरेपी के बाद फॉलोअप पर रहने वाले मरीज तथा डॉक्टर की सलाह अनुसार डे-केयर प्रबंधन योग्य मरीज यहां उपचार ले सकेंगे। गंभीर अवस्था, जटिल संक्रमण आदि मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जाएगा ताकि उन्हें विशेषज्ञ स्तर की समुचित देखभाल मिल सके। इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेंगे। बार-बार सफर करने की परेशानी कम होगी और उपचार नियमित रूप से हो सकेगा। परिजनों ने भी इस पहल को बड़ी राहत बताते हुए स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया है।
वर्जन
भविष्य में बेड की संख्या बढ़ाने, दवाओं की उपलब्धता बढ़ाने और विशेषज्ञ परामर्श सेवाएं जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। डे-केयर सेंटर की शुरुआत से कैंसर मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। अब कैंसर पीड़ितों की सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि जिले से बाहर मरीजों को सामान्य उपचार के लिए नहीं जाना पड़े।-डॉ. सुमन कोहली, सीएमओ डॉ. नागरिक अस्पताल जींद।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें