संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। केएम कॉलेज नरवाना में अब विद्यार्थियों को पेयजल की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। कॉलेज स्टाफ ने अपनी पहल पर करीब चार लाख रुपये एकत्रित कर परिसर में अत्याधुनिक और बड़े क्षमता वाला आरओ सिस्टम स्थापित करवा दिया है। आरओ शुरू होने से आगामी शैक्षणिक सत्र में कॉलेज में आने वाले तीन हजार से अधिक विद्यार्थियों को 24 घंटे शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, पिछले काफी समय से विद्यार्थियों को पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। गर्मी के मौसम और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान कॉलेज में आने वाले विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए स्टाफ ने स्वयं पहल करने का निर्णय लिया। इसके बाद महज दो दिनों के भीतर राशि एकत्रित कर आरओ सिस्टम स्थापित करवा दिया गया।
कॉलेज प्राचार्या डॉ. मीनू सिंह ने बताया कि नए सत्र में विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिलों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि आरओ सिस्टम की क्षमता इतनी अधिक है कि बड़ी संख्या में लोग एक साथ इसका लाभ उठा सकते हैं।
करीब 20 माह पहले कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सांसद सुभाष बराला ने 11 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की थी। इस राशि से कॉलेज में बड़ा आरओ सिस्टम और मंच पर शेड लगाने का प्रस्ताव था।
राशि पंचायत विभाग को जारी होने के बावजूद लंबे समय तक कार्य शुरू नहीं हो सका। कॉलेज प्रशासन को कई बार आश्वासन मिले, लेकिन धरातल पर कोई प्रगति नहीं हुई। लंबे इंतजार और विद्यार्थियों की जरूरतों को देखते हुए कॉलेज स्टाफ ने स्वयं आगे आकर आरओ सिस्टम लगाने का फैसला लिया। इसके बाद स्टाफ सदस्यों के सहयोग से राशि जुटाकर कार्य पूरा कर दिया गया।