पंजाब के दिड़बा के पास हरियाणा रोडवेज बस चालक पर हमला करने के विरोध में कर्मचारियों ने मंगलवार को पंजाब रोडवेज की बसों को हरियाणा की सीमा में नहीं घुसने दिया।
सवारियों से भरी पंजाब रोडवेज की बस जब नरवाना बस स्टैंड पर पहुंची तो रोडवेज तालमेल कमेटी के सदस्यों ने उसे कब्जे में ले लिया और वर्कशाप में खड़ा करा दिया। इस दौरान बस में सवार यात्रियों का किराया भी वापस करा दिया।
रोडवेज तालमेल कमेटी ने ऐलान किया कि जब तक पंजाब में हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों को सुरक्षा नहीं दी जाएगी, तब तक न तो हरियाणा रोडवेज की बस पंजाब जाएगी और न ही पंजाब रोडवेज की बस को हरियाणा की सीमा में घुसने दिया जाएगा।
मंगलवार को हरियाणा रोडवेज की बस भी पंजाब की सीमा तक ही गई और वहीं पर सवारियों को छोड़ दिया गया। हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों के विरोध को देखते हुए पंजाब रोडवेज की बस भी हरियाणा व पंजाब की सीमा पर ही सवारियों को छोड़ती रही। इससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष ईश्वर सिंह ने बताया कि हरियाणा रोडवेज की सवारियों को लेकर पंजाब गई थी। जब रोडवेज की बस पंजाब के दिड़बा के पास पहुंची तो कुछ लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उस पर हमला कर दिया। इसमें रोडवेज कर्मचारी को गंभीर चोट आईं।
उनका कहना है कि पंजाब सरकार हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों को सुरक्षा देने की बजाए उन्हीं पर दबाव बना रही है। जब तक पंजाब में हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों की सुरक्षा नहीं होगी तब तक हरियाणा रोडवेज की कोई बस पंजाब में नहीं जाएगी और पंजाब रोडवेज की बसों को हरियाणा में नहीं आने दिया जाएगा।
पंजाब रोडवेज बस के चालक सुरजीत व परिचालक सतनाम ने कहा कि इस मामले में हमारा क्या कसूर है। इस समस्या का जल्द ही समाधान निकालना चाहिए। रोडवेज कर्मचारियों के विरोध को देखते हुए बस स्टैंड पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
यात्री रघुबीर ने कहा कि वह जींद से बस में सवार हुए थे और पठानकोट जाना था। लेकिन नरवाना में ही बस को रोक दिया गया है। जिसके कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोडवेज के आपसी मामले में परेशानी लोगों को हो रही है।
सेना में कार्यरत अश्वनी ने कहा कि वो महेंद्रगढ़ से लुधियाना के लिए बस में सवार हुआ था, लेकिन बस को रोक दिया गया है जिस कारण ड्यूटी पर समय से नहीं पहुंच पाएगा। आखिर कब तक लोगों को इन समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
कई घंटों से नही आई बस
खनौरी निवासी बलवीर ने कहा कि सुबह से बस का इंतजार कर रहे हैं। बड़ी मुश्किल से पंजाब की एक बस आई थी जिसको भी आगे नहीं जाने दिया गया। इस प्रकार से आम लोगों को परेशानी होती है। इसमें हमारा क्या कसूर है।
लगातार हो रही घटनाएं
हरियाणा तालमेल कमेटी के उपप्रधान प्रदीप शर्मा ने कहा कि पिछले पांच दिन में तीन बार हरियाणा रोडवेज चालक व परिचालकों पर हमले किए गए हैं। हमलों की लगातार घटित घटनाओं के कारण ही ऐसा कदम उठाया गया है। हमारी मांग है कि हमारे कर्मचारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी होनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है तो आंदोलन को तेज किया जाएगा और पूरे हरियाणा में पंजाब की बसों पर रोक लगा दी जाएगी।
हरियाणा तालमेल कमेटी के प्रधान ईश्वर सिंह ने कहा कि पंजाब में हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों से हाथापाई और मारपीट हो रही है। हमारी बसें पंजाब नहीं जाएगी और पंजाब की बसों को नहीं आने देंगेे। उन्होंने कहा कि हमारी बसें दातासिंहवाला बार्डर तक ही सवारियों को लेकर जाएगी।