सफीदों। पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए मंगलवार को एसडीएम पुलकित मल्होत्रा की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेतों में आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच करें और दोषी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करें। राजस्व, कृषि और पंचायत विभाग के कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने कहा कि नंबरदार और चौकीदार भी गांवों में पराली जलाने पर नजर रखें और सूचना तुरंत प्रशासन को दें। सूचना मिलते ही गठित टीम, पुलिस और दमकल विभाग को मौके पर भेजा जाएगा। पराली से जुड़ी सूचनाओं के तत्काल आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सएप ग्रुप का प्रभावी इस्तेमाल करने और रोजाना कार्रवाई रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर भी कार्रवाई होगी। उन्होंने किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के कृषि यंत्रों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित करने तथा गांवों में चौकीदार, मंदिरों और गुरुद्वारों के माध्यम से रोजाना मुनादी कराने को कहा। बैठक में बीडीपीओ प्रवीण कुमार, उप-तहसीलदार संजय परासर और सहायक कृषि अधिकारी सुशील कुमार मौजूद रहे। संवाद