जींद। नगर परिषद ने शहर के अलग-अलग वार्डों में गलियों का निर्माण, ग्रीन बेल्ट का सुधार, पार्काें की मरम्मत करवाने और ओपन जिम लगवाने आदि कार्यों के टेंडर लगाए हैं। इन सभी कार्यों पर लगभग तीन करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसमें 19 विकास कार्य होंगे। अगले सप्ताह इन सभी टेंडरों की ऑनलाइन बिड खुलेगी।
इसमें एकलव्य स्टेडियम के पास ग्रीन बेल्ट सुधार पर लगभग 10 लाख रुपये, वार्ड-15 में सुभाष नगर में पार्क के सुधार के लिए 10 लाख रुपये, वार्ड-18 में गली व सड़क रिपेयर के लिए 12.71 लाख रुपये, अर्बन इस्टेट में मॉडल पार्क पर 47.33 लाख रुपये, वार्ड 21 में पार्क के सुधार के लिए 6.27 लाख रुपये, वार्ड-22 में पार्क के सुधार के लिए चार लाख रुपये, वार्ड 15 में ओपन जिम व खेल के उपकरणों के लिए पांच लाख, वार्ड सात में गली निर्माण जो आनंद के मकान से विनोद के मकान तक बनेगी, इस पर छह लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
वहीं, अर्बन इस्टेट में पार्क के सुधार के लिए 17 लाख रुपये, सेक्टर 11 में पार्किंग के लिए 18 लाख रुपये, वार्ड दो में रेलवे पार्क के सुधार के लिए 12.70 लाख रुपये, अर्बन एस्टेट में मकान नंबर 1337 के सामने पार्क के सुधार के लिए 13 लाख रुपये, वार्ड 24 में न्यू कृष्णा कॉलोनी में गली निर्माण पर 19 लाख रुपये, वार्ड पांच में गली का निर्माण संदीप ढांडा के मकान तक 42.36 लाख रुपये, वार्ड 24 में काली माता मंदिर की गली निर्माण पर 8.14 लाख रुपये, वार्ड दो में गली निर्माण के लिए 10.97 लाख रुपये, भटनागर काॅलोनी में आजाद के मकान से जेडी सेवन तक गली का निर्माण 33.89 लाख रुपये की राशि से किया जाएगा।
इससे पहले भी नगर परिषद ने पिछले एक सप्ताह पहले लगभग एक करोड़ रुपये की राशि से टेंडर लगाए थे। इन टेंडरों की ऑनलाइन बिड भी जल्द ही खुलेगी, हालांकि कुछ टेंडरों की बिड इसी सप्ताह के अंत तक खुलने की उम्मीद है। अब तक 80 से ज्यादा निर्माण कार्यों के लिए नगर परिषद में पिछले एक माह में टेंडर लगाए हैं। यह सभी टेंडर खुलने के बाद शहर में एक माह के अंदर कार्य शुरू करने होंगे। इन कार्यों के बनने से शहर में शायद ही कोई गली कच्ची बचे, जहां पर लोगों को परेशानी हो।
बाक्स
शहर के सुधार के लिए चल रहे कार्य
नगर परिषद शहर के सुधार के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसके चलते शहर की सड़कों के दोनों तरफ पड़ी कच्ची जगह को ब्लॉक से पक्का किया जा रहा है, ताकि धूल न उड़े और शहर की स्वच्छता भी बनी रहे। गोहाना रोड समेत अन्य जगहों पर यह कार्य चला हुआ है।
वर्जनशहर के सभी वार्डों में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। गलियों के निर्माण और पार्कों के जीर्णोंद्धार के लिए टेंडर लगाए गए हैं। पिछले माह भी टेंडर लगाए गए थे, जिनकी तकनीकी बिड खुल चुकी है। जल्द ही ये कार्य शुरू हो जाएंगे। शहर के पार्कों, गलियों व ग्रीन बेल्ट को बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि लोगों को सुबह-शाम सैर करने के लिए अच्छी सुविधा मिले। शहर के सुधार के लिए अन्य कार्य भी किए जा रहे हैं।
-अनुराधा सैनी, चेयरपर्सन, नगर परिषद