फोटो 5 नरवाना। दबलैन आरओबी पुल पर रखे लाइट के पोल। संवाद।
- फोटो : credit
नरवाना। लंबे समय से दबलैन रोड रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर स्ट्रीट लाइटों की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है। आरओबी पर जल्द ही स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। लोक निर्माण विभाग और इलेक्ट्रिकल विंग की ओर से करीब 17 लाख रुपये की लागत से पुल पर प्रकाश व्यवस्था स्थापित की जा रही है। लाइटिंग पोल लगाने का कार्य शुरू हो चुका है और अगले एक माह में पूरे पुल पर रोशनी की व्यवस्था शुरू होने की उम्मीद है।
आरओबी शुरू होने के बाद से प्रतिदिन हजारों वाहन चालक और पैदल यात्री इसका उपयोग कर रहे हैं। पुल बनने से कैनाल रोड स्थित रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिली है लेकिन स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात के समय आवागमन में परेशानी होती थी।
क्षेत्रवासी अनिल, रमेश, रोहतास और राजेंद्र ने बताया कि रात में पुल पर अंधेरा होने से सामने से आने वाले वाहन और राहगीर स्पष्ट दिखाई नहीं देते थे। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों और पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। लोगों की मांग पर अब विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुल के दोनों ओर और मध्य भाग में लाइटिंग पोल लगाए जा रहे हैं। इससे सड़क सुरक्षा में सुधार होगा और रात के समय आवागमन सुगम बनेगा।
वर्जन
दबलैन रोड आरोबी पुल के निर्माण कार्य में लाइटिंग व्यवस्था का प्रोविजन नहीं था यह कार्य अब अलग से किया जा रहा है। लोगों की मांग और सुविधा को देखते हुए करीब 17 लख रुपए की लागत से पुल पर लाइट लगाई जाएगी। एक महीने के अंदर कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
–समरवीर सिंह, जेई, इलेक्ट्रिकल, पीडब्ल्यूडी नरवाना।