जींद। उचाना मार्केट कमेटी कार्यालय के पास रेहड़ी चालक को पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतक के पिता सुरेश की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
उचाना मंडी निवासी राहुल (24) उचाना पुराना बस अड्डे पर जलजीरे की रेहड़ी लगाता था। नौ मई शाम को वह अपनी रेहड़ी लेकर घर की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह मार्केट कमेटी कार्यालय के पास पहुंचा तो नरवाना की तरफ से आ रही एक पिकअप चालक ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद वह भाग निकला। इसमें राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने राहुल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान पिकअप चालक की पहचान शिव कॉलोनी, पिंजौर निवासी सुरेंद्र के रूप में हुई है। जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता सुरेश की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।