कंडेला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कंडेला में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार की अध्यक्षता में फील्ड कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र में एचपीवी वैक्सीन को लेकर जागरूकता बढ़ाने और मानसून व बदलते मौसम में डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए रणनीति तैयार की गई। डॉ. सुनील कुमार ने कर्मचारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में एचपीवी वैक्सीन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पात्र किशोरियों और उनके परिजनों को टीके के लाभ समझाएं और टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। साथ ही लोगों को घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर, गमलों और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करने के प्रति जागरूक करने को कहा। बुखार होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह देने के निर्देश भी दिए। सभी फील्ड कर्मचारियों को जागरूकता अभियानों और घर-घर संपर्क की फोटो सहित दैनिक रिपोर्ट सीएचसी कार्यालय भेजने को कहा गया। बैठक में डॉ. मंजीत धीमान, डॉ. पंकज, डॉ. ज्योति सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद