संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के चलते इमरजेंसी वार्ड के सामने कटर से पत्थर काटे जा रहे हैं। धूल व तेज गूंज से मरीजों को दिक्कत हो रही है।
सांस के मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक साबित हो रही है। इमरजेंसी में गंभीर हालत में मरीजों को भर्ती करवाया जाता है जहां शांति और स्वच्छ वातावरण की आवश्यकता होती है लेकिन धूल भरा माहौल और लगातार गूंजती मशीनों की आवाज मरीजों की परेशानी बढ़ा रही है।
अस्पताल प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। न तो निर्माण कार्य को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया गया है और न ही धूल व शोर से बचाव के लिए कोई अस्थाई व्यवस्था की गई है।
पीएमओ डॉ. रघुवीर पूनिया ने कहा कि नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। पत्थरों को बाहर से काटकर लाया जा रहा था। मजदूरों ने साइज फिक्स करने के लिए अंदर एक पत्थर काटने के लिए रखा था। सूचना मिलने पर बंद करवा दिया ताकि मरीजों को परेशानी नहीं हो।