करीब एक दशक से जींद-सोनीपत के बीच ट्रेन चलने का सपना देख रहे लोगों का यह सपना आज पूरा हो जाएगा। सपनों की ट्रेन रविवार दोपहर बाद 15: 05 बजे सोनीपत से चलकर सायं 17: 15 बजे जींद रेलवे जंक्शन पर पहुंचेगी। सोनीपत से जींद जंक्शन तक पहुंचने में ट्रेन को दो घंटे 10 मिनट का समय लगेगा। सपनों की ट्रेन का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रेलवे लाइन के उद्घाटन के लिए शनिवार रात दिल्ली से सोनीपत ट्रेन संख्या 04019 को लाया जाएगा। इसके बाद 27 जून से सुबह जींद से सोनीपत के लिए 10: 30 बजे 74020 संख्या वाली ट्रेन चलेगी, जो 12:50 बजे सोनीपत पहुंचेगी। 20 मिनट सोनीपत में ठहराव के बाद यहां से 13:10 बजे ट्रेन संख्या 74019 चलकर जींद जंक्शन पर 15:20 बजे पहुंचेगी।
27 जून से ट्रेन का शेड्यूल
जींद जंक्शन से सुबह 10:30 बजे ट्रेन सोनीपत के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन जींद शहर स्टेशन पर 10:38 बजे पहुंचेगी और एक मिनट के ठहराव के बाद 10:39 बजे चलकर पिंडारा जंक्शन पर 10:46 बजे पहुंचेगी। यहां से 10:47 बजे चलकर 10:58 बजे ललित खेड़ा, 11:07 बजे भंभेवा, 11:15 बजे ईशापुर खेड़ी, 11:23 बजे बुटाना, 11:31 बजे खंदराई, 11:39 बजे गोहाना, 11:49 बजे राबराह, 11:58 बजे लाठ, 12.07 बजे मोहाना, 12:19 बजे बड़वासनी और 12:50 बजे सोनीपत पहुंचेगी। सोनीपत में 20 मिनट के ठहराव के बाद दोपहर 13:10 बजे वहां से वापस जींद के लिए चलेगी। सोनीपत से चलकर 13:20 बजे बड़वासनी, 13:32 बजे मोहाना, 13:41 बजे लाठ, 13:50 बजे राबराह, 13:58 बजे गोहाना, 14: 05 बजे खंदराई, 14:13 बजे बुटाना, 14:21 बजे ईशापुर खेड़ी, 14:30 बजे भंभेवा, 14:42 बजे ललित खेड़ा, 14:50 बजे पांडु पिंडारा, 14:59 बजे जींद शहर स्टेशन, 15:20 बजे जींद जंक्शन पर पहुंचेगी।
ट्रेन के स्वागत के लिए पलकें बिछाकर कर रहे हैं इंतजार
सपनों की ट्रेन के स्वागत के लिए जींद के लोग पलकें बिछाकर इंतजार कर रहे हैं। करीब एक दशक बाद यह सपना पूरा होने जा रहा है। जींद-सोनीपत के बीच ट्रेन चलने दोनों जिलों का आपस में संपर्क बढ़ेगा और शिक्षा व व्यापार की दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण है।
- विजय सिंह, सचिव
रेलवे यात्री संघ।
किसी वीआईपी के आने की नहीं है सूचना
जींद रेलवे जंक्शन पर ट्रेन के स्वागत के लिए किसी वीआईपी के आने की सूचना नहीं है। अपने स्तर पर सभी तैयारियां की जा रही हैं। सोनीपत से दोपहर 15:05 बजे ट्रेन चलकर शाम 17.15 बजे जींद जंक्शन पर पहुंचेगी। इसके बाद 27 जून से सुबह 10:30 बजे जींद से सोनीपत के लिए नियमित रूप से ट्रेन चलेगी, जो वापसी में सोनीपत से 13.10 बजे चलकर वापस 15.20 बजे जींद जंक्शन पर पहुंचेगी।
अनिल यादव, स्टेशन अधीक्षक
जींद रेलवे जंक्शन।
ट्रेन नहीं रुकी तो होगा आंदोलन
खरकरामजी गांव सहित आसपास के गांवों के लोगों ने रेलमंत्री सुरेश प्रभु को ज्ञापन भेजकर खरकरामजी में ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की। यहां बैठक में सुंदरपुर, सिंधवीखेड़ा, आसन, रधाना, बराहकलां, बराह खुर्द, चाबरी, निड़ानी व लखमीर वाला गांव के लोग शामिल रहे। इन लोगों ने कहा कि यदि 31 अगस्त तक खरकरामजी गांव में ट्रेन का ठहराव नहीं हुआ तो इसके लिए आंदोलन शुरू किया जाएगा।
खरकरामजी हाल्ट के लिए सांसद लाएंगे काम रोको प्रस्ताव
जुलाना में आयोजित कार्यक्रम में सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जिस समय कांग्रेस की सरकार गई, जींद-सोनीपत रेलवे लाइन पर केवल सिग्नल लगाने का काम बाकी था। भाजपा सरकार ने इसके काम को पूरा करने में ही ढाई साल लगा दिए। सांसद ने कहा कि खकरामजी गांव में लोगों की मांग के बावजूद हाल्ट नहीं बनाया गया है। ऐसे में मानसून सत्र में इस हाल्ट के लिए वे संसद में काम रोको प्रस्ताव लाएंगे। सांसद ने इसके बाद पांडू पिंडारा रेलवे जंक्शन पर पहुंचकर कहा कि सरकार के लिए इस ट्रेन का कोई महत्व नहीं है। यही कारण है कि ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए न तो रेलमंत्री के पास समय है और न ही मुख्यमंत्री के पास। सांसद भी सिर्फ सोनीपत से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।