जींद। बुधवार को कोरोना संक्रमण के चलते नागरिक अस्पताल की 38 वर्षीय स्टाफ नर्स की मौत हो गई। उनके अलावा चार अन्य लोग भी कोरोना संक्रमण के चलते जिंदगी की जंग हार गए। वहीं बुधवार को स्वास्थ्य विभाग को 1265 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट मिली। इनमें से 192 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई जबकि ठीक होने वालों की संख्या 406 रही। बुधवार को संक्रमण की दर 18 प्रतिशत से अधिक थी जोकि बुधवार को घटकर 15 प्रतिशत रह गई।
नागरिक अस्पताल की 38 वर्षीय स्टाफ नर्स उर्मिला की टांग में पिछले महीने फ्रेक्चर हो गया था। उनका हिसार के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था। यहां पर वह कई बार पट्टी बदलवाने के लिए गई थी। इसी दौरान उनको बुखार हो गया। जब उनकी कोरोना जांच हुई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। एक सप्ताह पहले उनको नागरिक अस्पताल में दाखिल किया गया था। उनका ऑक्सीजन लेवल 60 से भी कम आ गया। तीन दिन पहले उन्हें पीजीआई रोहतक में रेफर किया गया। यहां पर उर्मिला को वेंटिलेटर पर रखा गया। बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। उर्मिला की मौत का समाचार सुनकर नागरिक अस्पताल प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल के कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर उनको श्रद्धांजलि दी। उर्मिला के शव का गांव मालवी में कोरोना गाइडलाइन के तहत अंतिम संस्कार किया गया। इसके अलावा 36 वर्षीस सच्चा खेड़ा निवासी युवक, गतौली निवासी महिला, कृष्णचंद कॉलोनी नरवाना निवासी 63 वर्षीय महिला व बिटानी निवासी व्यक्ति की मौत भी बुधवार को हुई है।
1941 एक्टिव केस बचे
जिले में अब तक 19573 लोग पॉजिटिव आ चुके हैं। इनमें से 17213 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं 419 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में फिलहाल 1941 एक्टिव मामले बचे हैं।
जिले में संक्रमण की दर हुई कम
बुधवार को 1265 लोगों की रिपोर्ट में 192 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमण की दर बुधवार को 15 प्रतिशत रही जोकि अब तक मई महीने में सबसे कम है। रिकवरी की दर भी 87.94 प्रतिशत पहुंच गई है। जिले में मौत का प्रतिशत 2.14 प्रतिशत है।
कोरोना संक्रमण को लेकर पहले से काफी हालात में सुधार आया है। अब न तो ऑक्सीजन के लिए मारामारी है और न ही अस्पताल में बेड के लिए। लोगों को लगातार सावधानी बरतनी होगी। धीरे-धीरे सब कुछ सामान्य हो जाएगा। लोगों को लगातार सामाजिक दूरी व मास्क लगाना होगा।
-डॉ. बिमला राठी, पीएमओ।