जींद। सीएम फ्लाइंग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को गांव ईगराह स्थित आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी पर छापा मारा। डिस्पेंसरी के एएमओ, फार्मासिस्ट, सहित तीन स्टाफ गायब थे। तीनों की रजिस्टर में हाजिरी लगी हुई थी। भ्रमण पंजिका में कुछ भी दर्ज नहीं था। डिस्पेंसरी पर बोर्ड नहीं लगा हुआ था, वह छत पर पड़ा मिला। टीम ने तीनों अनुपस्थित लोगों की रिपोर्ट तैयार कर आयुर्वेद विभाग के मुख्यालय को भेजी जाएगी। विभागीय स्तर से ही इन पर कार्रवाई होगी।
सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि गांव ईगराह स्थित आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी में स्टाफ समय पर नहीं आता। ज्यादातर समय नदारद रहता है। इस कारण इलाज करवाने आए लोगों को परेशानी होती है। सीएम फ्लाइंग के डीएसपी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इसमें स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम भी शामिल रहे। टीम ने शुक्रवार को 11:55 बजे डिस्पेंसरी में छापा डाला। टीम के अनुसार वहां पर न तो एएमओ डॉ. कमल मिले और न ही फार्मासिस्ट राजेश कुमार वहां थे। पार्ट टाइम वाटर कैरियर मनजीत सिंह भी गायब थे जबकि तीनों की रजिस्टर में उपस्थिति दर्ज थी।
डिस्पेंसरी में चार-पांच मरीज दवाई लेने आए हुए थे। टीम द्वारा संपर्क साधने पर एएमओ ने जिला मुख्यालय में बैठक होने की बात कही। फार्मासिस्ट राजेश ने अचानक पत्नी के बीमार होने और पार्ट टाइम वाटर कैरियर मनजीत ने कार्यवश इधर-उधर जाने की बात कही। तीनों द्वारा भ्रमण पंजिका में कुछ भी नहीं भरा गया था। नियमानुसार डिस्पेंसरी पर बोर्ड लगा होना चाहिए था लेकिन वह छत पर पड़ा था। सीएम फ्लाइंग के डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर डिस्पेंसरी का निरीक्षण था। वहां एएमओ समेत स्टाफ के तीन सदस्य नदारद मिले तीनों की रिपोर्ट मुख्यालय भेज दिया गया है।