शहर में बढ़ रही चोरी की वारदातों को लेकर एसएसपी से मुलाकात करते विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा।
- फोटो : Jind
शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर जींद विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने सोमवार को एसएसपी अश्विनी शैणवी से मुलाकात की। विधायक ने कहा कि पंजाबी बाजार को झांझ गेट चौकी से जोड़ा जाए, नागरिक अस्पताल की चौकी में स्टाफ बढ़ाया व लोको कॉलोनी समेत शहर के पॉश एरिया में पुलिस की रात को गश्त बढ़ाई जाए। इसके अलावा विधायक द्वारा शहर में लगने वाले सीसीटीवी कैमरों की रिपोर्ट भी ली ताकि जींद शहर की तीसरी आंख को मजबूत बनाकर शहर में बढ़ रहे क्राइम को रोका जा सके।
विधायक मिड्ढा ने कहा कि शहर में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। जींद में कोई ही ऐसा दिन नहीं है जिस दिन चोरी की वारदातें नहीं हो। इसके अलावा आए दिन सुनने में आता है कि बैंक खातों से उपभोक्ताओं की मेहनत की राशि निकाल ली गई। उपभोक्ता इस शिकायत को लेकर पुलिस के पास जाते हैं, लेकिन जांच के नाम पर उनके पास भटकने के सिवा कुछ नहीं होता है। इन मामलों में जांच आगे नहीं बढ़ पाती है और मजबूरन पीड़ित बैंक उपभोक्ताओं को थक हार कर बस इसी तसल्ली के सहारे बैठ जाना पड़ता है कि कभी तो उन्हें उनकी खून पसीने की कमाई वापस मिलेगी, लेकिन ऐसा हो नहीं पाता है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन सतर्कता के साथ काम करे ताकि आम जनमानस और व्यापारियों में जो भय का माहौल बना हुआ है, उसको दूर किया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने भी मामलों पर संज्ञान लेते हुए विधायक को आश्वस्त किया कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी तथा दिन के समय बाजारों में भी सुरक्षा बढ़ाई जाएगी।