इंडस पब्लिक स्कूल में शनिवार से हरियाणा शतरंज एसोसिएशन (एचसीए) की दो दिवसीय जिला शतरंज चैंपियनशिप शुरू हुई। स्पर्धा का आयोजन हरियाणा शतरंज एसोसिएशन (एचसीए) के तत्वावधान में जींद जिला चेस एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है। पहले दिन अंडर-12, 17 आयु वर्ग सहित ओपन वर्ग के कई रोमांचक मुकाबले हुए। इनमें नेशनल खिलाड़ियों नेे शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप में हिसार, रोहतक, फतेहाबाद, जींद, कैथल, करनाल, पानीपत व सोनीपत समेत आठ जिलों के 100 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। हरियाणा शतरंज एसोसिएशन (एचसीए) के प्रदेश महासचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिले की टीम में वही होगा जो रविवार को जीतेगा। शनिवार को हुए मुकाबलों के अंडर-12 आयु वर्ग में हिसार के नेशनल खिलाड़ी दीपांशु गर्ग ने राहुल, सोनीपत के रोनित ने खुशी, आस्था ने मनीष, अमित ने नितिका, पुनीत ने दिल्ली पब्लिक स्कूल के अमन, रक्षिता ने दुष्यंत, साहिल ने मनन, सफीदों के मानव ने शशि को हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया।
वहीं, अंडर-17 आयु वर्ग में हिसार के उत्कर्ष राणे ने हितेष, करनाल के गगनदीप ने सूरज, अभिषेक ने कुनाल, जींद की नेशनल खिलाड़ी अर्वाची सिंधु ने साहिल, मोहित ने रोहतक के अजय, अक्षित ने रोहतक के निवेश, सौरभ ने आशीष, नेशनल खिलाड़ी श्रुति रापड़िया ने दिल्ली पब्लिक स्कूल के लक्ष्य, सोनाली ने मनीरतन, यमन ने सुमित को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। ओपन वर्ग में झज्जर के नेशनल खिलाड़ी संकित ने कैथल के मनदीप, हिसार के नेशनल खिलाड़ी पुनीत इंदौरा ने पानीपत के अपूरबा मंडल, रमन ने दादरी के दीपक, देवेंद्र ने कुरुक्षेत्र के रोहित, संदीप ने कमलेश, कैथल के पप्पू ने हिसार के विकास, सफीदों के यशपाल ने दादरी के प्रांजल को हराकर अगले चरण में प्रवेश किया।
शनिवार को तीसरे राउंड तक मुकाबले करवाए गए जबकि रविवार को सेमीफाइनल व फाइनल राउंड के मुकाबले कराए जाएंगे। विजयी खिलाड़ियों में से जिला शतरंज टीम का चयन किया जाएगा, जो दो से चार अक्टूबर तक भिवानी में होने वाली राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। इस मौके पर स्कूल निदेशक सुभाष श्योराण, प्रिंसिपल अरुणा शर्मा, डीपीई अमित कुमार, पुनीत शर्मा, सोनिया, सज्जन गर्ग हिसार, रामप्रताप भिवानी समेत गणमान्य लोग मौजूद रहे।