फोटो 7 नरवाना। घायलों का उपचार करते हुए। संवाद।फोटो 8 नरवाना। घायलों की टूटी हुई बाइक को उठाकर
नरवाना। दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर शहर के पुराने बस अड्डा चौक के पास सोमवार शाम को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार गांव बेलरखा निवासी अंकित और विक्रम को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने दोनों घायलों को तुरंत नरवाना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को परिजन हिसार निजी अस्पताल में ले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंकित और विक्रम बाइक से नरवाना के नए बस स्टैंड की ओर से अपने गांव बेलरखा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पुराने बस अड्डा चौक के पास उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक बाइक और युवकों को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपना रोजमर्रा का कार्य समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे तभी यह हादसा हो गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार स्कॉर्पियो चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।