पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हुई कार।
- फोटो : bureau
क्षेत्र में बुधवार दोपहर को अचानक आए तेज अंधड़ व बारिश के चलते नगूरां गांव के पास एक कार पर सफेदे के पांच पेड़ गिर गए। इससे कार चालक अलीपुरा गांव निवासी संजय घायल हो गया। चालक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इससे जींद-चंडीगढ़ मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों को आवागमन पूरी तरह से बंद रहा। पुलिस के अनुसार तेज हवा व अंधड़ के चलते नगूरां गांव के डायमंड होटल के समीप अचानक सफेदे के पेड़ टूटकर जींद से कैथल की तरफ जा रही एक आल्टो गाड़ी पर गिरे। लोगों ने घटना स्थल पर पहुंचकर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को गाड़ी से बाहर निकाला।
ग्रामीणों व राहगीरों किया बचाव
कुदरत का करिश्मा यह है कि आंधी के कारण एक साथ पांच पेड़ गिरे और पांचों संजय की कार पर गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल संजय का मुंह गाड़ी के स्टेरिंग में फंसा हुआ था। बड़ी मुश्किल से लोगों ने भारी पेड़ों को एक घंटे की मशक्कत के बाद हटाया और फिर गाड़ी से संजय को निकालकर उसे अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल संजय जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।
शाम को बदला मौसम
दिन भर तेज गर्मी से झुलसने के बाद लोगों को शाम के समय राहत मिली। शाम करीब तीन बजे तेज हवा के साथ जींद, उचाना और जुलाना क्षेत्र में बौछार हुई हैं। इससे मौसम काफी सुहावना हो गया। वहीं मौसम विभाग ने बुधवार व बृहस्पतिवार को बारिश की संभावना जताई है। फिलहाल बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत तो मिलेगी ही, साथ ही किसानों को बारिश का लाभ होगा।