सफीदों शहर थाने में तैनात एक एएसआई को पुलिस वर्दी की धौंस जमाकर दो भाइयों के साथ मारपीट करना भारी पड़ गया। जींद एसपी ने एएसआई को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया। सफीदों शहर थाने में तैनात एएसआई मनजीत सिंह 21 जुलाई को किसी व्यक्तिगत काम से अपनी गाड़ी में पानीपत की तरफ कहीं जा रहा था। उसके साथ गाड़ी में तीन अन्य युवक भी थे।
इस दौरान उसकी गाड़ी की टक्कर सफीदों की तरफ आ रहे पाजू खुर्द गांव के एक युवक की ऑटो से हो गई। मनजीत सिंह और उसके साथियों ने अपनी वर्दी का रौब जमाते हुए ऑटो चालक सुमित और उसके साथ मौजूद उसके भाई हिमांशु के साथ मारपीट की। दोनों भाइयों को थाने में कपड़े उतरवाकर मारपीट की। बाद में दोनों भाइयों ने डीएसपी सफीदों को इस मामले की शिकायत दी।
इस बात की शिकायत जैसे ही पुलिस के पास आई तो डीएसपी ने मामला एसपी के संज्ञान में लाते हुए इस मामले में कार्रवाई करने की सिफारिश की। इसके बाद एसपी कुलदीप सिंह ने मामले में कार्रवाई करते हुए एएसआई मनजीत सिंह को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि पुलिस वालों को अपना व्यवहार सुधारने का प्रयास करना चाहिए। किसी आम आदमी के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।