4 जुलाना 04: सैनिक को नमन करते हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी। संवाद
जुलाना। क्षेत्र के नंदगढ़ गांव निवासी सैनिक कृष्ण दलाल का रविवार को उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सेना के जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। गांव का माहौल गमगीन रहा और ग्रामीणों ने नम आंखों से वीर सैनिक को अंतिम विदाई दी।
जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय कृष्ण दलाल भारतीय सेना में तैनात थे और वर्तमान में अमृतसर के तोपखाना केंद्र में सेवाएं दे रहे थे। करीब एक वर्ष पहले उन्हें कैंसर की बीमारी का पता चला था। इसके बाद उनका इलाज चंडी मंदिर स्थित कमांड अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
रविवार को सेना के जवानों की मौजूदगी में कृष्ण दलाल का पार्थिव शरीर नंदगढ़ लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने के बाद उनके दोनों बेटों ने पिता को मुखाग्नि दी।
कृष्ण दलाल अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, एक छोटे भाई और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उनका छोटा भाई चंडीगढ़ पुलिस में तैनात है। उनके दोनों बेटों की उम्र सात और पांच वर्ष है। सैनिक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अंतिम संस्कार में हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी, नायब तहसीलदार सिराज खान, जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा, जुलाना विधायक विनेश फोगाट के पति सोमबीर राठी सहित जींद आईवीओ टीम के सदस्य मौजूद रहे।