धोखाधड़ी कर दो लोगों के बैंक खातों से 60 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। शहर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-9 निवासी रणबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका एसबीआई में खाता है। 13 जून को उसके मोबाइल फोन पर संदेश आया कि उसके खाते से 40 हजार रुपये निकल गए हैं। इस समय उसकी कॉपी और एटीएम कार्ड उसके पास था। उसके बाद मामले की शिकायत बैंक मैनेजर और पुलिस को दी गई। उसने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके खाते से राशि निकाली है। जांच अधिकारी एएसआई वजीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी प्रकार रोहतक रोड स्थित गुरुद्वारा कॉलोनी निवासी रघबीर सिंह ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका एसबीआई में खाता है। 13 जून शाम को उसके मोबाइल पर संदेश आया कि उसके खाते से 20 हजार रुपये निकल गए हैं। जबकि उसका एटीएम कार्ड और कॉपी उसके पास थी। उसने आरोप लगाया कि उसके खाते से अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर राशि निकाली है। उसके बाद वह अगले दिन बैंक पहुंचा और मामले की जानकारी मैनेजर और पुलिस को दी। जांच अधिकारी एचसी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।