जींद। जिले के किसान पिछले साल अगस्त और सितंबर माह में हुई भारी से अब तक नहीं उबर पाए हैं। छह महीने बाद भी नरवाना क्षेत्र के 50 से ज्यादा एकड़ खेत जलमग्न हैं और रबी की फसल की बिजाई नहीं हो पाई है। वहीं किसानों को फसल खराबे का मुआवजा भी नहीं मिल पाया है।
जिले के नरवाना समेत अन्य क्षेत्रों में करीब चार हजार एकड़ में बरसात का पानी भर गया था और धान, बाजरा और कपास की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई थीं।
इसके बाद पानी निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई लेकिन अभी तक करीब 50 एकड़ से ज्यादा खेतों में पानी भरा हुआ है। किसान मुआवजा मिलने की बाट जोह रहे हैं। यहां पर रबी की फसल की भी बिजाई नहीं हो पाई है।
पीड़ित किसानों पर मौसम और सरकार की दोहरी मार पड़ी है। पीड़ित किसान हर रोज इस आशा में अपने बैंक अकाउंट का बैलेंस चेक करते रहते हैं कि फसल खराबे की मुआवजा राशि खाते में जमा हो गई होगी। प्रशासन की ओर से सर्वे करवाकर रिपोर्ट भी भेजी जा चुकी है।
इस्माईलपुर, फरैण कलां, फरैण खुर्द समेत कई गांव के किसान मुआवजा मिलने के इंतजार में हैं। पिछले साल हुई भारी बारिश का नुकसान सबसे ज्यादा नरवाना क्षेत्र में हुआ था। नरवाना क्षेत्र के 59 गांव के 6,710 किसानों ने 42,592 एकड़ में फसल खराबा दिखाया था। उसके बाद उचाना क्षेत्र के 30,092 एकड़ में फसल खराब हो गई थी।
किसानों का ब्लॉक अनुसार फसल खराबे का दिया ब्योरा
ब्लॉक-गांव-किसान-क्षेत्र एकड़ में
सफीदों-27-98-429
पिल्लूखेड़ा-26-296-2300
अलेवा-26-263-2548
जींद-65-1946-11784
जुलाना-30-2130-14460
उचाना-47-4837-30092
नरवाना-59-6710-42592
कुल-280-16253-104407
ठेके पर ली थी सात एकड़ जमीन
साल 2025 में ठेके पर सात एकड़ जमीन ली थी जिससे परिवार का पालन पोषण हो सके लेकिन अगस्त और सितंबर माह में बारिश से खेत में जलभराव हो गया और धान, नरमा और बाजरा की पूरी फसल बर्बाद हो गई थी। खेतों से दिसंबर 2025 में ही बरसात का पानी निकला है लेकिन तब तक गेहूं की बिजाई का समय जा चुका था।
-मुन्ना, फरैण कलां
अभी भी जमा है बरसात का पानी
भारी बारिश होने से 15 से ज्यादा एकड़ में फसल बर्बाद हो गई थी। अब तक खेतों से पूरी तरह पानी की निकासी नहीं हुई है। समय पर गेहूं, सरसों और पशुओं के चारे की बिजाई भी नहीं कर पाए। पिछले साल धान, कपास और बाजरा की फसल बरसात के पानी में डूबकर बर्बाद हो गई। इससे कई लाख का नुकसान हुआ है। अब तक मुआवजा भी नहीं मिला है।
-लालु, फरैण कलां
वर्जन
कितने किसानों को मुआवजा मिला है और कितने एकड़ में फसल खराबा हुआ था। इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। यह आंकड़ा मुख्यालय पंचकूला से ही मिल पाएगा।
-निखिल सिंगला, तहसीलदार नरवाना
वर्जन
जिन किसानों की बारिश के कारण फसल बर्बाद हुई थी। उन सभी को मुआवजा मिलेगा। कुछ मुआवजा वितरित भी किया जा चुका है। किसानों को मुआवजे को लेकर कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
-कृष्ण कुमार बेदी, कैबिनेट मंत्री हरियाणा