संवाद न्यूज एजेंसी
जुलाना। क्षेत्र के पौली गांव में शनिवार को सोनू शास्त्री मेमोरियल तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन जुलाना क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया। जुलाना के अलावा सोरखी, शामलो कलां भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं।
प्रतियोगिता के दुसरे दिन सोरखी और लजवाना खुर्द के बीच मुकाबला हुआ जिसमें सोरखी ने 38 रनों से जीत हासिल की। दुसरे मुकाबले में शामलो कलां ने बुआना गांव की टीम को 29 रनों से हराया। जुलाना और हथवाला के बीच हुए मैच में जुलाना की टीम ने 14 रनों से जीत हासिल की। मैच के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन शॉट्स और गेंदबाजी ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष नीरज मलिक और सुबेदार डॉ रोहतास मलिक ने शिरकत की। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, खिलाड़ी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। गांव के सरपंच प्रतिनिधि जितेंद्र उर्फ मोनू मलिक ने बताया कि सोनू शास्त्री की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि दर्जनों टीमों ने इसमें भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है, जिससे प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। विजेता टीम को 15 हजार रुपये, उपविजेता को 8100 रुपये, जबकि तीसरा स्थान हासिल करने वाली टीम को 3100 रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
नीरज मलिक ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, मेहनत और भाईचारे की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ खेल भी युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं।
पौली गांव में आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का मंच दे रही है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि को भी दर्शाती है। सूबेदार डॉ. रोहतास मलिक ने कहा कि हमें खिलाड़ियों का पूरा मान सम्मान करना चाहिए क्योंकि खेल के माध्यम से खिलाड़ी देश और विदेश में नाम रोशन करते हैं। संवाद