जींद। जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर की 38 वैध कॉलोनियों में सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। इस परियोजना पर 41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग की ओर से तैयार प्रस्ताव को सरकार ने पहले ही मंजूरी दे दी थी। अब इसी माह टेंडर जारी होने की उम्मीद है।
विभाग ने पिछले साल नई वैध कॉलोनियों में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए डीपीआर तैयार कर मंजूरी के लिए भेजी थी। मंजूरी मिलने के बाद अब लोगों को बारिश में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। स्थानीय निवासियों में इस फैसले को लेकर खुशी है।
न्यू जवाहर नगर के सुशील पांचाल, रघुबीर सिंह, जगदीप शर्मा, राहुल और संदीप का कहना है कि कॉलोनियों को वैध हुए करीब तीन साल (2023) हो चुके हैं लेकिन अब जाकर सीवरेज सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में जलभराव और गंदे पानी की निकासी न होने से गंभीर समस्या का सामना करना पड़ता है। सीवरेज लाइन बिछने से न केवल सफाई व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी कम होंगे।
आसपास खाली प्लाटों में बरसाती पानी जमा हो जाता है जिससे मच्छर पनप जाते हैं और बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है। हालांकि इन कॉलोनियों में कुछ गलियां पक्की हो चुकी हैं जिससे कुछ राहत मिली है।
सरकार और प्रशासन को जल्द से जल्द कॉलोनीवासियों को सुविधा देनी चाहिए। इन कॉलोनियों में 25 हजार से ज्यादा लोग रहते हैं। फिलहाल सीवरेज व्यवस्था न होने से गंदा पानी खाली प्लाटों में डाला जा रहा है।
इन कॉलोनियों में बिछाई जाएंगी सीवरेज लाइन
जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से शहर की नई वैध कॉलोनियों में सफीदों रोड स्थित न्यू जवाहर नगर, विजय नगर, राम कॉलोनी, चाबरी कॉलोनी, नरवाना रोड पर शिवपुरी कॉलोनी, शीतलपुरी कॉलोनी, राजनगर, हांसी रोड पर नेताजी कॉलोनी, रेलवे रोड के समीप रतन कॉलोनी, सोलू कॉलोनी, अमरहेड़ी रोड पर हनुमान नगर, राजनगर कॉलोनी, न्यू कृष्णा कॉलोनी, जोगेंद्र नगर, इंप्लाइज कॉलोनी, भगत सिंह कॉलोनी, लोको प्राइवेट कॉलोनी, भूपेंद्र नगर, शर्मा नगर, बुढ़ाबाबा बस्ती, रोहतक रोड बाइपास के समीप रघुनगर, खेमनगर, दुर्गा कॉलोनी, सुंदरनगर, रामबीर कॉलोनी, अजमेर बस्ती समेत कुल 38 कालोनियों में सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी।
वर्जन
शहर की 38 नई वैध कॉलोनियों में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। सरकार से अप्रूवल मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही टेंडर निकाला जाएगा। उसके बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-भानू प्रकाश शर्मा, एक्सईएन, जन स्वास्थ्य विभाग जींद