नरवाना। शहर के बीरबल नगर की गली नंबर-9 और छिम्बी मोहल्ला स्थित मस्जिद के पास काफी दिनों से सीवरेज का गंदा पानी गलियों में जमा हो रहा है। इससे वहां रहने वाले लोगों का जीना दूभर हो गया है।
गली में पानी भर जाने से राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया है वहीं गंदे पानी से उठ रही बदबू के कारण गली में रहना भी भारी पड़ रहा है। गली में रहने वाले लोगों ने बताया कि करीब एक सप्ताह से यह समस्या बनी हुई है लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते अब तक समाधान नहीं हो पाया।
मोहल्ले के निवासी संजू, राकेश धीमान, विकास, ईशाक, रजाक, नरेश, बलवान धीमान, सतपाल, होशियार दीन, यासीन, सुरेंद्र, रोहताश व मुकेश ने बताया कि पंजाबी चौक, बीरबल नगर, शास्त्री नगर, मोरपती और विश्वकर्मा कॉलोनी का सीवरेज पानी मोहल्ले के तालाब में एकत्रित होता है।
कुछ दिन पहले विभाग ने सीवरेज मोटर बंद कर दी जिससे पानी आगे नहीं जा पा रहा और तालाब का पानी अब गली में वापस आने लगा है। लोगों का कहना है कि यदि स्थिति यही रही तो गंदा पानी उनके घरों में घुस सकता है।
उन्होंने प्रशासन से तुरंत मोटर चालू करवाकर पानी की निकासी सुनिश्चित करने और कच्चे नाले को पक्का करवाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।
वर्जन
बीरबल नगर में सीवरेज पानी की समस्या की सूचना मिली है। कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजकर स्थिति का मुआयना करवाया जाएगा और जल्द ही लोगों को राहत दी जाएगी।–कुलदीप कोहाड़, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग नरवाना