फोटो 10जेएनडी06-शहर के गोहाना रोड पर चलती बाइक पर आतिशबाजी करते हुए युवक। स्रोत ग्रैप
जींद। शहर की सड़कों पर चलती बाइक पर आतिशबाजी करना एक युवक को भारी पड़ गया। दीपावली के दौरान बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक को इंपाउंड कर दिया और 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। दीपावली के दौरान एक युवक चलती बाइक पर आतिशबाजी करता नजर आया था। किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद यातायात पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की। बाइक जीवनपुर निवासी नारायण के नाम पर मिली। इसके बाद पुलिस ने बाइक को इंपाउंड कर जुर्माना लगाया। यातायात थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि चलती बाइक पर आतिशबाजी करने के मामले में 15 हजार रुपये का चालान किया गया है और बाइक इंपाउंड की गई है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि सड़क पर इस तरह की खतरनाक हरकतें न करें। इससे चालक के साथ अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। संवाद