फोटो 10जेएनडी14-करसिंधु में कबड्डी खिलाड़ी साक्षी शर्मा को सम्मानित करते गणमान्य व्यक्ति। स्रोत
उचाना। करसिंधु की बेटी साक्षी शर्मा को महिला कॉमनवेल्थ कबड्डी मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतने पर सम्मानित किया गया। उचाना सेवा ग्रुप की ओर से मंगलवार को उनके निवास पर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारी धर्मवीर आर्य ने की, जबकि मंच संचालन ग्रुप संयोजक मा. रामप्रसाद ने किया।
शिक्षाविद रामचंद्र अत्री ने कहा कि साक्षी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर गांव करसिंधु और पूरे उचाना क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। फाइनल मुकाबले में उन्होंने देश के लिए 9 अंक जुटाए और टीम की स्वर्ण पदक जीत में अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा कि साक्षी की उपलब्धि क्षेत्र की दूसरी बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
एसडीएम व उचाना सेवा ग्रुप की चेयरपर्सन सुमन यादव ने साक्षी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं।
साक्षी के ताऊ सतबीर शर्मा, साहित्यकार रामफल खटकड़, समाजसेवी ओमप्रकाश शर्मा, पंडित देशराज, डॉ. सत्यवान, डॉ. जगदीप मोर, जितेंद्र सोनी कुमार, चुड़िया राम व अन्य मौजूद रहे। संवाद