जींद। हरियाणा सरकार की ओर से वरिष्ठ लोक कलाकारों को 7 से 10 हजार रुपये तक प्रतिमाह दिए जाएंगे। प्रदेश में पंडित लख्मीचंद कलाकार सामाजिक सम्मान योजना लागू करने का निर्णय लिया है।
इस योजना का उद्देश्य वरिष्ठ कलाकारों और लोक विधाओं के कलाकारों की वित्तीय और सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार करना है।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि जिन कलाकारों ने अपने जीवन में सक्रिय रूप से कला के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है या जो अभी भी इस क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं, लेकिन वृद्धावस्था के कारण अब सक्रिय रूप से अपनी कला का अभ्यास नहीं कर रहे हैं, उन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि कोई भी कलाकार, जिन्होंने कम से कम 20 साल तक कला के क्षेत्र में अपना योगदान दिया है, वे इस योजना के लिए पात्र होंगे।
आवेदक अपनी कला को समर्थन करने वाले दस्तावेजों और आवेदन फॉर्म के साथ अप्लाई कर सकते हैं। योजना का लाभ उठाने के लिए कलाकारों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक की उम्र 60 साल या उससे ज्यादा होनी चाहिए।
आवेदक की आयु 60 होनी चाहिए। सालाना आय 1.80 लाख रुपये है तो 10 हजार रुपये और यदि परिवार पहचान पत्र में सालाना आय 1.80 लाख से 3 लाख है तो सात हजार रुपये पेंशन मिलेगी।