सीआरएसयू में शोध समस्या का चयन विषय पर आयोजित व्याख्यान में भाग लेते हुए छात्र व प्राध्यापक।
जींद। एक सफल शोध प्रक्रिया के लिए सही समस्या का चयन बहुत महत्वपूर्ण होता है। यह समस्या शोधकर्ता को उच्चतम मानकों तक पहुंचने के लिए मार्गदर्शन करती है और शोध प्रयास को सफल बनाने में मदद करती है। एक अच्छी शोध समस्या का चयन या निर्माण शोध अध्ययन के लिए एक निवेश की तरह होता है। यह बात सीआरएसयू के कुलपति डॉ. रणपाल सिंह ने कही।
वह चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की ओर से शोध समस्या विषय पर व्याख्यान दे रहे थे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के प्रोफेसर सीआर ड्रोलिया ने शिरकत की। उनके विश्वविद्यालय पहुंचने पर विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील फोगाट व प्रभारी डॉ अलका सेठ ने उनका स्वागत किया। कुलसचिव प्रोफेसर लवलीन मोहन ने कहा कि शोध कार्य के लिए शोधार्थी को शोध उद्देश्यों की स्पष्टता अवश्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक स्पष्ट समस्या विवरण और शोध प्रश्न अध्ययन के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। प्रोफेसर ड्रोलिया ने बताया कि शोधकर्ता को शोध कार्य हेतु एक बड़ा विषय क्षेत्र चुनना चाहिए। उसे उस विषय क्षेत्र में गहरी रुचि भी होनी चाहिए। इस अवसर पर ममता, प्रियंका, तमन्ना, मुकेश व डॉ रीना मौजूद थी।