जींद। पटियाला चौक स्थित एटीएम में पैसे निकालने गए बुजुर्ग का अज्ञात ने डेबिट कार्ड बदल दिया और अगले दिन उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। अहिरका गांव निवासी राधाकिशन ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो मार्च को वह पटियाला चौक स्थित एटीएम में पैसे निकालने गया था। जब वह एटीएम से पैसे निकालने लगा तो उसका डेबिट कार्ड मशीन में फंस गया। उससे कार्ड नहीं निकला तो पास खड़े एक युवक से सहायता मांगी। इस पर युवक ने मशीन से कार्ड निकालकर उसे दे दिया। इसके बाद वह घर आ गया था। अगले दिन सुबह उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। फिर उसने अपने बेटे से खाते की राशि चैक करवाई तो 25 हजार रुपये क म मिले। उसने तुरंत बैंक के टोल फ्री नंबर पर कॉल कर खाते को बंद करवा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस अज्ञात युवक ने ही उसका डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से राशि निकाली है। जांच अधिकारी एचसी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि निकालने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।