जींद। श्राद्ध पक्ष की अमावस्या पर शनिवार को पांडू-पिंडारा तीर्थ स्थल पर लगने वाले मेले को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु यातायात के लिए आवश्यक प्रबंध किए हैं। शुक्रवार को एसडीएम सत्यवान सिंह मान ने तीर्थ स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक गतिविधियां कर सकें, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। मेले के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए।
एसडीएम ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और वाहन चालकों की सुविधा के लिए यातायात एडवाइजरी जारी की गई है। गोहाना-सोनीपत, पानीपत, नरवाना और कैथल की ओर से आने वाले श्रद्धालु जींद-पानीपत रोड पर निर्जन से आने वाले रास्ते का उपयोग कर सकते हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं से यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने संबंधित विभागों को मेले में पेयजल, अस्थायी शौचालय, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी रहें।