25 सफीदों 2 पानी निकासी की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए एसडीएम पुलकित मल्होत्रा। स्रोत लोक संप
सफीदों। शहर में बरसाती पानी की निकासी की समस्या दूर करने के लिए नई अनाज मंडी से असंध बाईपास होते हुए एसटीपी-रोहतक रोड तक 2.88 किलोमीटर लंबा नाला बनाया जाएगा। इस परियोजना पर करीब चार करोड़ 76 लाख 26 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है। इससे नई अनाज मंडी के आसपास जमा होने वाले बरसाती पानी की निकासी सुचारु हो सकेगी। खेड़ा खेमावती गांव और असंध रोड की ओर से आने वाला पानी भी इस व्यवस्था के माध्यम से निकाला जाएगा।
बुधवार को एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने अपने कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने अधीन चल रहे विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करें। कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और आमजन को इनका लाभ समय पर मिले, इसके लिए विभाग आपसी तालमेल से काम करें।
बैठक के बाद एसडीएम ने अधिकारियों के साथ फील्ड विजिट कर शहर में पानी निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने खेड़ा खेमावती गांव के जोहड़ से पानी की निकासी के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित परियोजना में नाले के निर्माण के साथ इंटरसेप्शन और डायवर्जन का कार्य भी शामिल है। इसकी कुल लंबाई 2,880 मीटर निर्धारित की गई है। इस दौरान पंचायती राज विभाग के एसडीओ आशीष मेहरा, लोक निर्माण विभाग से अजय कटारिया, सिंचाई विभाग से बीरेंद्र सिंह, विकास गिर, ललित कुमार और नगर पालिका के एमई सुरेश कुमार मौजूद रहे।