जुलाना। मालवी रोड पर बुधवार देर शाम एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए लेकिन गनिमत रही कि वाहन में सवार सभी छह युवक सुरक्षित बच निकले। उन्हें केवल मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार नरवाना निवासी हरेंद्र अपने पांच अन्य साथियों के साथ स्कॉर्पियो में जुलाना से मालवी की ओर जा रहे थे जैसे ही उनकी गाड़ी मालवी की माइनर के पास पहुंची तो अचानक सड़क पर एक नील गाय आ गई। जानवर को बचाने के प्रयास में हरेंद्र ने गाड़ी मोड़ने की कोशिश की लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सीधे पेड़ से जा टकराया।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार में लगे एयरबैग खुल गए जिससे सवारों की जान बच गई। सभी घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलते ही जुलाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।