17जेएनडी26,27: मनोहरपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर गड्ढों में उतरी रोडवेज की बस। संवाद
जींद। मनोहरपुर गांव के पास शनिवार सुबह स्कूटी सवार युवक को बचाने के प्रयास में हरियाणा रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब आठ फीट गहरे गड्ढों में उतर गई। बस में उस समय करीब 32 यात्री सवार थे। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। चालक ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला और दूसरी बस से जींद बस अड्डे तक पहुंचाया।
सफीदों सब डिपो की बस शनिवार सुबह करीब आठ बजे मनोहरपुर गांव पहुंची थी। बस को चालक गगन चला रहा था। बस जींद की तरफ जा रही थी। इसी दौरान जींद से मनोहरपुर की ओर जा रहा एक स्कूटी सवार अचानक बस के सामने आ गया। उसे बचाने के लिए चालक ने बस को दूसरी ओर मोड़ा, लेकिन बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढों में उतर गई। हादसे के बाद स्कूटी सवार युवक मौके से चला गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में तीन घंटे बाद निकली बस
घटना की सूचना मिलने पर रोडवेज के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। गहरे गड्ढों में फंसी बस को बाहर निकालने के लिए प्रयास किए गए। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद बस को गड्ढों से बाहर निकाला जा सका। हादसे के कारण कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मनोहरपुर गांव के पास बस के सामने अचानक स्कूटी आ गई। इसको बचाने का प्रयास किया तो बस अनियंत्रित होकर गड्डों में उतर गई। बस में किसी यात्री को चोट नहीं आई। इसके बाद लगभग 11 बजे बस को गड्डों से निकाला गया।
कप्तान डीआई, सब डिपो सफीदों।
फोटो कैप्शन
17जेएनडी26,27: मनोहरपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर गड्ढों में उतरी रोडवेज की बस। संवाद