जींद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में जींद के पीजीटी अध्यापक सतीश कुमार को वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी दी गई है। वाइस चेयरमैन शाहपुर गांव निवासी सतीश कुमार सफीदों के राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पीजीटी हिंदी अध्यापक के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं।
शुक्रवार रात को प्रिंसिपल सेक्रेटरी आईएएस पंकज अग्रवाल ने चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की नियुक्ति के लिए पत्र जारी कर दिया। इसके बाद शनिवार को सतीश कुमार नियुक्ति के लिए पंचकूला पहुंचे। वाइस चेयरमैन सतीश कुमार ने एमए बीएड कर रखी है और अप्रैल 2013 में सरकारी स्कूल में अध्यापक के तौर पर नियुक्ति ली थी। शुरुआत में अमरेहड़ी, फिर एक साल भौंगरा के सरकारी स्कूल में और अब सफीदों क्षेत्र के बुढाखेड़ा में सतीश कुमार पीजीटी के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं।
सतीश कुमार की दस साल से ज्यादा की सर्विस हो चुकी है। बच्चों को पढ़ाने के साथ-साथ वह समाज सेवा के कार्यों में आगे रहते हैं। सतीश कुमार ने बताया कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि एक सामान्य से अध्यापक को वाइस चेयरमैन नियुक्त कर देंगे। इसके लिए वह सरकार और सीएम नायब सैनी का आभार जताते हैं। नकल रहित पारदर्शी परीक्षा के लिए वह प्रयास करेंगे। संवाद