उचाना (जींद) । कपास मंडी में शेड के नीचे हिंदू मैरिज एक्ट में संशोधन, समगोत्र विवाह पर रोक समेत कई सामाजिक मुद्दों को लेकर सर्वखाप महापंचायत हुई। इसमें प्रदेश भर से सरपंच, सामाजिक संगठन, खाप प्रतिनिधि, अधिवक्ता व बुद्धिजीवी लोगों ने शामिल होकर संशोधन की मांग की।
महापंचायत के माध्यम से महापंचायत ने सरकार को हिंदू मेरिज एक्ट में संशोधन, समगोत्र विवाह पर रोक, समलैगिंक विवाह रोक, एक गांव गुहांड में विवाह पर रोक, लिव इन रिलेशनशिप पर रोक की मांग की। 27 सितंबर तक सरकार को इन मांगों पर विचार करने का समय महापंचायत ने दिया।
28 सितंबर को सोनीपत में समीक्षा बैठक कर आगामी रणनीति खाप पंचायत बनाएगी। इसमें वक्ताओं ने कहा कि एक ही गांव में शादी होने से समस्याएं पैदा हो रही हैं। आपसी सहमति संबंध कानून के चलते हत्याकांड बढ़ रहे हैं। ऐसे कानून में बदलाव किया जाना जरूरी है। समाज में सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है और जब भी मौका मिले। इसमें सुधार करना चाहिए, ताकि समाज निरंतर आगे बढ़ सके।
महापंचायत में एक गांव और एक गोत्र में शादी और लिव-इन रिलेशनशिप पर रोक लगाने की मांग की। खाप पंचायतें लंबे समय से इन मुद्दों पर चिंता जता रही हैं। 36 बिरादरी में किसी की भी लड़की पूरे गांव की बहन या बेटी के समान मानी जाती है। पहले लव मैरिज की प्रथा शुरू हुई और फिर समगोत्र विवाह होने लगे। एक ही गांव में विवाह से परिवारों के बीच दुश्मनी बढ़ रही है।
इससे लड़का और लड़की दोनों के परिवारों को नुकसान होता है। राष्ट्रीय प्रवक्ता सर्व जातीय सर्व खाप सूबे सिंह समैण ने कहा कि हमारी बातों पर सरकार विचार करें। 27 सितंबर तक सरकार इस पर विचार कर कोई घोषणा करें। 28 सितंबर को सोनीपत में समीक्षा बैठक होगी। इसमें समाज व सरकार को सुझाएंगे सरकार में भी वह लोग बैठे हैं जो समाज से गए हैं। जो हिंदू मैरिज एक्ट अब है यह कभी न कभी समाज को आपस में टकराव करने पर विवश होगा।
इस मौके पर सरपंच एसोसिएशन हरियाणा प्रधान रणबीर गिल, प्रवीण सरपंच रेवाड़ी, सुधीर बुआना जींद, राजेंद्र तोशाम, राजेश टोहाना, सोनिया दूहन, सुरेश सहारण सिवानी, बिनैन खाप प्रधान रघुबीर नैन, संदीप शर्मा, सतीश जुलाना, रणबीर राठी प्रधान राठी खाप, रोलध खाप प्रधान नागपाल, बैनीवाल पनिहार खाप प्रधान कपूर सिंह, प्रधान दलबीर भराण, महीपाल गुरूकुल खेड़ा, सतबीर खेड़ा खाप प्रधान, वीरेंद्र नैन, सिक्कम सफा खेड़ी समेत अनेक लोग मौजूद रहे।