04जेएनडी09-घटनास्थल पर खड़ी मृतक की बाइक। स्रोत पुलिस
जींद। झांझ कलां सरपंच के भाई ने सोमवार को दरियावाला रास्ते पर बने पुल के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि मृतक कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
झांझ कलां गांव निवासी सरपंच सुनील ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका 32 वर्षीय छोटा भाई अनिल शादीशुदा है। वह तीन बच्चों का पिता था और मेहनत-मजदूरी करता था। पिछले कई माह से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
अनिल कहता था कि उसको बुरे-बुरे सपने आते हैं और भूत-प्रेत का साया है। उन्होंने उसका इलाज भी शुरू करवाया था। इससे अनिल काफी तंग हो चुका था। रविवार शाम को वह बाइक लेकर घर से निकला था। रात तक वापस नहीं आया। सुबह परिजनों ने तलाश की तो पता चला कि दिल्ली-बठिंडा रेलवे लाइन पर दरियावाला वाले रास्ते पर बने पुल के पास ट्रेन के आगे कूदकर अनिल ने जान दे दी है।
वर्जन
पुलिस को सूचना मिली थी कि दरियावाला रास्ते पर बने पुल के पास एक शव पड़ा है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक की शिनाख्त झांझ कलां निवासी अनिल के तौर पर हुई है। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
चरण सिंह, प्रभारी, जीआरपी जींद