01जेएनडी19-शतरंज प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी। स्रोत : कोच
- फोटो : वीडियो ग्रैब
जींद। छह दिवसीय ब्लॉकस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। मोतीलाल नेहरु पब्लिक स्कूल में शतरंज, बैडमिंटन, शूटिंग की प्रतियोगिताएं हुई। पहले दिन शूटिंग की अंडर-19 एयर राइफल प्रतियोगिता में इंडस पब्लिक स्कूल की खिलाड़ी साक्षी ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी राजपाल देशवाल और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य अनिता सांगवान ने शिरकत की। मुख्यातिथि ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के महत्वपूर्ण होते हैं। खेल के माध्यम से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है।
हरियाणा के खिलाड़ियों की देश और प्रदेश में विशेष पहचान है। खेल में हार-जीत एक सिक्के के दो पहलू होते हैं। खिलाड़ियों को हार से मायूस नहीं होना चाहिए बल्कि अपनी कमियों को दूर करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। खेलों से आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और भाईचारा भी बढ़ता है। समय के साथ-साथ अभिभावकों की सोच में अंतर आया है। अभिभावक लड़कियों को भी खेल में आगे बढ़ा रहे हैं जो भविष्य के लिए अच्छे संकेत हैं।
पीटीआई रामनिवास, पूनम अहलावत, सोनिया और जोगेंद्र गिल ने बताया कि पहले दिन शूटिंग की अंडर-19 एयर राइफल प्रतियोगिता में इंडस पब्लिक स्कूल की खिलाड़ी साक्षी ने प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं अंडर-17 आयु वर्ग की शूटिंग राइफल प्रतियोगिता में मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल की खिलाड़ी स्नेहा ने प्रथम, तनीषा ने दूसरा और आकांक्षा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं किनाना में आयोजित टेबल टेनिस की प्रतियोगिता में अंडर-17 लड़कियों की प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंधवीखेड़ा की टीम और अंडर-19 आयु वर्ग में भी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंधवी खेड़ा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा अंडर-17 आयु वर्ग लड़कियों की शतरंज प्रतियोगिता में क्रिस्ट राजा कान्वेंट पब्लिक स्कूल की टीम प्रथम और राजकीय हाई स्कूल जंक्शन की टीम उपविजेता रही।
अंडर-14 आयु वर्ग में आधारशिला पब्लिक स्कूल की टीम प्रथम और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंधवीखेड़ा की टीम उपविजेता रही। अंडर-19 आयु वर्ग में इंडस पब्लिक स्कूल की टीम प्रथम और मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल की टीम उपविजेता रही। बैडमिंटन अंडर-14 आयु वर्ग लड़कियों की प्रतियोगिता में डीएवी शताब्दी पब्लिक स्कूल की टीम प्रथम स्थान पर रही।