ईओ के तबादले के लिए पार्षदों द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र लिखने पर ईओ के समर्थन में पार्क में एकत्रित हुए सफाई कर्मचारी
- फोटो : AMAR UJALA
दो दिन पहले नगर परिषद में ईओ और पार्षदों के बीच हुआ विवाद बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार देर शाम को पार्षदों ने चेयरपर्सन पूनम सैनी के नेतृत्व में बैठक कर ईओ डॉ. एसके चौहान का यहां से तबादला करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा। वहीं रविवार सुबह शहर के सभी सफाई कर्मचारी सफाई कर्मचारी एसोसिएशन की प्रधान कमला के नेतृत्व में सिविल लाइन थाना पहुंचे। कमला ने कहा कि यदि डॉ. एसके चौहान का जींद से तबादला हुआ तो वे हड़ताल पर चले जाएंगे। कमला ने आरोप लगाए की नगर परिषद में चेयरपर्सन के पति जवाहर सैनी व पार्षद हरेंद्र उर्फ काला ने अनेक गबन किए हैं। इनकी जांच जरूरी है। यदि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। बता दें कि ईओ डॉ. एसके चौहान ने जवाहर सैनी तथा हरेंद्र काला के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी हुई है।